भारतीय खिलाड़ियों ने तोक्यो ओलंपिक से पहले अभ्यास शुरू किया

0
523

भारतीय खिलाड़ियों ने महामारी के बीच आयोजित किये जा रहे ओलंपिक खेलों में देशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिये १९ जुलाई से अभ्यास शुरू कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों का पहला जत्था कोविड-१‘ से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद खेल गांव पहुंचा था। तीरंदाज दीपिका कुमारी और अतनु दास, टेबल टेनिस के खिलाड़ी जी साथियान और अचंता शरत कमल, बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू और बी साई प्रणीत तथा भारत का प्रतिनिधित्व कर रही एकमात्र जिम्नास्ट प्रणति नायक ने १९ जुलाई अभ्यास शुरू कर दिया। तीरंदाजी युगल अतनु और दीपिका ने युमेनोशिमा पार्क में अभ्यास किया जबकि साथियान और शरत कमल ने भी ओलंपिक पदक जीतकर इतिहास रचने के लिये तैयारियां शुरू की। जिम्नास्ट प्रणति ने भी कोच लक्ष्मण मनोहर शर्मा की देखरेख में अभ्यास शुरू कर दिया। बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधू और प्रणीत ने एक ही कोच पार्क ताइ सुंग की देखरेख में अभ्यास किया जबकि चिराग शेट्टी और सात्विक साइराज रंकी रेड्‌डी की युगल जोड़ी अपने कोच मैथियास बो के साथ कोर्ट पर पहुंची। वी सरवनन सहित नौकायन दल के खिलाड़ियों ने एक दिन पहले से ही अभ्यास शुरू कर दिया था। सरवनन (पुरुष लेजर वर्ग) के अलावा नेत्र कुमानन, केसी गणपति और वरुण ठक्कर सभी पिछले सप्ताह यहां पहुंच गये थे। वे तोक्यो खेलों में नौकायन स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। तोक्यो पहुंचने वाले रोवर्स अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह ने भी मुख्य राष्ट्रीय कोच इस्माइल बेग की देखरेख में सी फोरेस्ट वाटरवे में अपने पहले अभ्यास सत्र में भाग लिया। ये दोनों पुरुषों की लाइटवेट डबल स्कल्स में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

siteadmin