जंग में टैक्टिकल न्यूक्लियर वेपन इस्तेमाल नहीं करेगा रूस

युके्रन नेता 8 मई को करेंगे जेलेंस्की के साथ वर्चुअल बैठक

रूस-यूक्रेन जंग पिछले ७० दिनों से जारी है। रूस के सैनिक यूक्रेनी शहरों में मिसाइलें दाग रहे हैं। हाल ही में रूस ने न्यूक्लियर मिसाइलें दागने का अभ्यास किया। जिससे यूक्रेन में परमाणु हमले का खतरा बढ़ गया। इसी बीच अब रूस का कहना है कि उसकी सेना यूक्रेन पर परमाणु हथियारों से हमले नहीं करेगी। रूसी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एलेक्सी जैतसेव ने कहा कि रूस जंग के दौरान यूक्रेन में टैक्टिकल न्यूक्लियर वेपन का इस्तेमाल नहीं करेगा। इधर, ८ मई को जी ७ नेता यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेसेंस्की के साथ वर्चुअल मीटिंग करेंगे।

पुतिन की गर्लफ्रेंड पर बैन लगाने की तैयारी में यूरोपियन यूनियन

रूस पर दबाव बनाने की रणनीति के तहत पश्चिमी देशों ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के नजदीकी लोगों पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। इसी क्रम में यूरोपियन यूनियन पुतिन की कथित गर्लफ्रेंड अलीना काबेवा और रूसी

ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख पैट्रिआर्क किरिल पर बैन की तैयारी कर रहा है। किरिल ने यूक्रेन में युद्ध के लिए पुतिन को आशीर्वाद दिया था। पुतिन की कथित गर्लफ्रेंड और एक्स जिमनास्ट अलीना काबेवा के स्विट्‌जरलैंड में छिपे होने का दावा किया जाता रहा है।

रूस-यूक्रेन जंग के

प्रमुख अपडेट्‌स

–       डोनेट्‌स्क और लुहान्स्क क्षेत्र में यूक्रेन की सेना ने रूस के ८ टैंक और ५ बख्तरबंद वाहनों को तबाह कर दिया है। वहीं, यूक्रेन ने दावा किया

कि रूस ने हम पर २,००० से ज्यादा मिसाइलें दागी हैं।

–       रूस ने क्रामटोरस्क शहर में यूक्रेनी हथियार डिपो और एक मिग-२९ को तबाह कर दिया।

–       बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने कहा कि बेलारूस यूक्रेन में चल रहे रूस के विशेष सैन्य अभियान का हिस्सा नहीं बनेगा।

–       आज मारियुपोल के अजोवस्टल स्टील प्लांट से ५०० लोगों को बाहर निकाला गया।

–       यूरोपीय संघ रूसी तेल पर बैन लगा सकता है, लेकिन हंगरी इस प्रतिबंध के समर्थन में नहीं है। हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओरबान ने कहा कि ऐसा करना हमारी अर्थव्यवस्था पर परमाणु बम गिराने जैसे होगा।

–       जर्मन चांसलर ने बताया कि जर्मन विदेश मंत्री जल्द ही यूक्रेन का दौरा करेंगे।

जॉर्ज बुश ने जेलेंस्की को बताया आज का चर्चिल

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से वर्चुअली बात की। इसके अलावा बुश ने सोशल मीडिया पोस्ट में जेलेंस्की की तारीफ करते हुए उन्हें आज का विंस्टन चर्चिल बताया है। बुश ने लिखा- जेलेंस्की की लीडरशिप और आजादी के लिए उनकी प्रतिबद्धता तारीफ के काबिल है।

शरणार्थियों के साथ मदर्स डे मनाएंगी जिल बाइडेन

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की पत्नी जिल बाइडेन ८ मई को स्लोवाकिया में यूक्रेनी शरणार्थियों के साथ मदर्स डे मनाएंगी। जिल बीते रोज रोमानिया और स्लोवाकिया की चार दिन की यात्रा पर रवाना हुई हैं। दूसरी तरफ मारियुपोल के स्टील प्लांट में फंसे लोगों को निकालने का सिलसिला ६ मई से फिर शुरू होगा।

जंग में अब तक २२० बच्चों की मौत

इधर, यूक्रेन ने दावा किया है कि जंग की शुरूआत से अब तक २२३ बच्चों की मौत हो गई है। ४०० से ज्यादा बच्चे घायल हुए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा १३९ बच्चों की मौत डोनेट्‌स्क क्षेत्र में हुई। कीव में ११६, खार्किव में ९५ और खेरसॉन में ४६ बच्चों ने जान गंवाई है। जानकारी के मुताबिक, यूक्रेन में ६,७३१ नागरिक हताहत हुए हैं।

 

अभ्युदय वात्सल्यम डेस्क